तुपुदाना/रांची:
रांची के तुपुदाना में महिला का सिर कुचला शव मिलने की घटना का पर्दाफाश हो गया है। मृतका की पहचान रेखा देवी के रूप में की गई। रेखा के मर्डर की मास्टरमाईंड उसकी पड़ोसन संध्या निकली। रांची पुलिस ने रेखा देवी हत्याकांड का खुलासा करते हुए वारदात की मुख्य आरोपी संध्या समेत उसके भाई रमेश उरांव और उसके 2 दोस्तों कृष्णादास गोस्वामी और लखन उरांव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक रेखा देवी के पति संतोष भुइयां का पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी उरांव से अवैध संबंध था, जिसका विरोध रेखा करती थी। आरंभिक जांच में अवैध संबंध, ईर्ष्या और प्रतिशोध की भावना में वारदात की बात सामने आई है।

20 जून को तुपुदाना में मिली थी सिर-कुचली लाश
गौरतलब है कि तुपुदाना ओपी क्षेत्र के 10 माइल से तुंजू जाने वाली सड़क पर सिरी सोहराय पहाड़ के समीप पिछले दिनों महिला का सिर कुचला शव मिला था। मृतका की शिनाख्त अरगोड़ा के पिपरटोली की रहने वाली रेखा देवी के रूप में हुई। शव देखकर ऐसा प्रतीत होता था कि महिला का सिर कार से कुचलकर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया है। छानबीन के क्रम में पता चला कि रेखा गोलगप्पे का ठेला लगाकर परिवार की आजीविका चलाती थी। मामले की गंभीरता को देखकर एसएसपी ने सिटी एसपी के मार्गदर्शन में डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था।
एसआईटी ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय स्त्रोतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

मृतका रेखा के पति का पड़ोसन से अवैध संबंध
दरअसल, छानबीन के क्रम में पुलिस को पता चला कि रेखा देवी के पति संतोष भुइय़ां का पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी उरांव के साथ अवैध संबंध था। रेखा देवी अक्सर पति का पड़ोसन से अवैध संबंधों का विरोध करती थी। रेखा देवी का विरोध करना संध्या देवी को नागवार गुजरता था। दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था और यही धीरे-धीरे नफरत में तब्दील हो गया। पुलिस के मुताबिक संध्या देवी ने संतोष भुइयां के साथ अवैध संबंधों में बाधा बन रही रेखा देवी को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।

कार में अगवा करके गैंगरेप के बाद मार डाला
संध्या ने अपनी साजिश में सगे भाई रमेश उरांव को साथ लिया। रमेश ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने 2 साथियों कृष्णादास गोस्वामी और लखन उरांव को भी शामिल किया। तय योजना के तहत 19 जून को फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद रंग की आर्टिगा गाड़ी में रेखा देवी का अरगोड़ा थानाक्षेत्र से अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने रेखा देवी के साथ पहले गैंगरेप किया और उसकी हत्या करके शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया। हत्या का हादसा बताने के मकसद से उन्होंने कार से मृतका का चेहरा भी कुचल दिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर फर्जी नंबर प्लेट लगी कार, 1 देसी पिस्तौल, 2 देसी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस और 4 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गुमराह करने के लिए गाड़ी का नंबर प्लेट बदला था।