logo

लापरवाही से गई मासूम की जान, साइकिल समेत हौदे में गिरी बच्ची, मौत

enclave.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
बरियातू थाना क्षेत्र के ग्रीन पार्क एरिया मोरहाबादी स्थित श्रीराम कृष्ण इन्क्लेव अपार्टमेंट में एक दर्दनाक घटना घटी है। अपार्टमेंट में रहने वाली एक बच्ची की पानी भरे हौदा में डूबने से मौत हो गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी मां भी घायल हो गई। दरअसल अपार्टमेंट में रहने वाले पीके सिंह की बेटी साइकिल चला रही थी। तभी गाड़ी धोने के लिए बने हौदे में गिर गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस को शनिवार को इसकी जानकारी मिली है। बच्ची की मौत के बाद परिजन उसे रिम्स ले गये, लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। हौदे की गहराई करीब 8 फीट है।


कैसे हुआ हादसा 
पुलिस का कहना है कि आठ वर्षीय बच्ची अपार्टमेंट के पिछले वाले हिस्से में साइकिल चला रही थी। वहां काफी ढलान है। जब वह जब ढलान से नीचे आने लगी, तो साइकिल का ब्रेक नहीं लगा पायी। इसलिए हौदे की दीवार से जा टकराई और उसके अंदर गिर गई। बच्ची की मां भी वहीं खड़ी थी। वह भी दौड़कर बेटी को बचाने के लिए हौदे में कूद गई। वह डूबने लगी तो उसकी आवाज सुनकर अपार्टमेंट का गार्ड और कुछ लोग मौके पर पहुंचे और सबसे पहले महिला को बाहर निकाला, उसके बाद बच्ची को निकाला गया दोनों को रिम्स ले जाया गया लेकिन तब तक बच्ची की मौत  हो गई। 


बोकारो चला गया परिवार 
अपार्टमेंट के सेक्रेटरी आरएन झा ने बताया कि अपार्टमेंट के पिछले हिस्से में गाड़ियों को धोने के लिए हौदे बनाये गये है। घटना गुरुवार की देर शाम की है। मृत बच्ची के पिता पीके सिंह सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह फुसरो के रहनेवाले हैं। वह तीन माह से किराये के इस फ्लैट में अपनी दो बेटियों व पत्नी के साथ रह रहे थे। उन लोगों ने तो पुलिस को घटना की जानकारी भी नहीं दी थी। पुलिस को शनिवार को कुछ स्थानीय लोगों ने इस बारे में बताया।  पीके सिंह घटना के बाद सपरिवार बोकारो चले गये हैं। कहीं ना कहीं लोग इस मैनेजमेंट की लापरवाही बता रहे हैं। अगर हौदे में ढक्कन लगा होता तो इतनी बड़ी घटना नहीं घटती। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N