बिष्टुपुर/जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानाक्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस की एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों को फरार कराने, हथियार छिपाने और घटना के बाद साक्ष्य मिटाने में सहयोग करने के आरोप में धातकीडीह निवासी लखविंद्र लोहार और जगदीश मंडल उर्फ रोहन को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया है। इस केस में पहले भी 2 नाबालिग पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने हिमांशु हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में सरायकेला खरसावां के धातकीडीह निवासी 20 वर्षीय लखविंद्र उरांव और 24 वर्षीय जगदीश मंडल उर्फ रोहन को गिरफ्तार किया है। इसमें एक नाबालिग भी पकड़ा गया, जिसकी पहचान उजागर नहीं की गई है।

डीडी बार के संचालक-मैनेजर की भी गिरफ्तारी
इससे पूर्व पुलिस ने रविवार को राजस्थान के सीकर जिला स्थित खाटूश्यामजी थानाक्षेत्र से डीडी बार के संचालक सह भाजपा नेता नीरज सिंह और ओडिशा से बार के मैनेजर विजय महानंद को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद विजय महानंद को पुलिस जमशेदपुर लेकर पहुंची थी। जबकि नीरज सिंह को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लेकर आ रही है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में है।

27 जून की रात को बिष्टुपुर में हुई थी वारदात
उक्त जानकारी जिले के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारीब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने आगे बताया कि विगत 27 जून की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के अंदर हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह के साथ विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा एवं अन्य के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद बार के बाहर निकलने पर हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह पर चाकू और चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। जिसमें गंभीर रूप से जख्मी हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान 29 जून की शाम टीएमएच में मौत हो गयी थी। मामले में बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर SIT की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ायी। इसी क्रम में पहले नामजद आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने आरोपियों को छिपने में मदद की थी और हत्या में इस्तेमाल हथियारों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया था। इसी आधार पर लखविंद्र लोहार और जगदीश मंडल को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को छिपाने और हथियार छुपाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, जगदीश मंडल ने घटना के बाद नामजद आरोपियों को फरार होने में मदद की। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने और आरोपियों के वाहन को ठिकाने लगाने में सहयोग किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद किया हैं। गिरफ्तार लखींद्र लोहार और नाबालिग की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी धातकीडीह स्थित एक स्थान से बरामद की गयी है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का चापड़, लोहे की कुल्हाड़ी, लोहे की भुजाली, 8 स्टील चाकू, लोहे का पंच, हीरो कंपनी की बाइक और 5 मोबाइल फोन बरामद किया है।
हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें डीडी बार संचालक सह भाजपा नेता नीरज सिंह, बार प्रबंधक विजय कुमार समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल समेत कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि एसआईटी लगातार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जायेगा।