द फॉलोअप डेस्क
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी का झामुमो प्रेम एक बार फिर उमड़ पड़ा है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा-आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन और उनके पिताजी ने लड़ कर अलग झारखंड राज्य लिया। फिर आगे दावे के साथ बोले-इसलिए मुख्यमंत्री हमेशा सोरेन परिवार से ही बनेगा। अलग झारखंड लड़ाई में उन्होंने शिबू सोरेन के साथ साथ अपने पिता की भूमिका को प्रभावी बताया। लेकिन मुख्यमंत्री का पद सोरेन परिवार के लिए रिजर्व बता दिया। हालांकि इरफान अंसारी के इस बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए नसीहत भी दे डाली कि इस तरह के विषय पार्टी फोरम पर रखी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री का फैसला गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में होता है।

इरफान अंसारी का यह झामुमो प्रेम नया नहीं है। पहले भी वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राम और अपने को उनका हनुमान बताते रहे हैं। उनके इस बयान को हाल में रिम्स-टू को लेकर पूर्व मंत्री व कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की मांग से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। बंधु तिर्की ने कांके अंचल के नगड़ी मौजा में खेती योग्य भूमि पर रिम्स टू के निर्माण का विरोध किया है। बंधु तिर्की ने इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की है। मुख्यमंत्री से हर हाल में खेती योग्य भूमि पर रिम्स टू का निर्माण नहीं करने का आग्रह किया है।
