logo

मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान, राज्य के इन जिलों में खोले जायेंगे 4 नए मेडिकल कॉलेज

medical_college1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक बड़ा  निर्णय लिया है। अब जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और खूंटी में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इस निर्णय से पूरे झारखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं इन जिलों में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। 
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले को अपने लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा है कि "जामताड़ा को मैंने दिया मेडिकल कॉलेज। एक समय था जब लोग जामताड़ा को पहचानते भी नहीं थे,लेकिन आज वही जामताड़ा अपने नाम से जाना जा रहा है जहाँ के बच्चे अब डॉक्टर बनेंगे, वहीं से डॉक्टर पैदा होंगे। यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि मेरे लंबे संघर्ष, बड़ी सोच और जनता के विश्वास का परिणाम है। मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल स्वास्थ्य सुविधाएँ बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार, व्यवसाय, पर्यटन और शिक्षा के नए अवसर भी पैदा होंगे। जामताड़ा का सपना अब हकीकत बन चुका है जनता के सहयोग और आशीर्वाद से।"

मंत्री ने यह भी घोषणा की कि यह पहला चरण है। दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज, सरायकेला और पाकुड़ जिलों में भी नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। देवघर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को एम्स की उपस्थिति के कारण केंद्र सरकार से एनओसी नहीं मिल पाई है,लेकिन स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। और आने वाले समय में वहाँ भी नए स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स की घोषणा की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि "नये मेडिकल कॉलेजों के खुलने से राज्य के ग्रामीण और छोटे शहरों में डॉक्टरों की भारी कमी दूर होगी,विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को इलाज के लिए अब बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य प्रणाली दोनों को मजबूती मिलेगी। जब राज्य के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी एक डॉक्टर को सौंपी गई है,तो बदलाव तो दिखाई देंगे ही। मैं दिन-रात जनता के स्वास्थ्य हित में काम कर रहा हूँ और परिणाम आज सबके सामने है।आने वाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में और भी बड़ी घोषणाएँ होंगी जिन पर काम तेज़ी से चल रहा है।"

जिसके बाद हजारों लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री को बधाई संदेश भेजे हैं और कहा कि “आपने हमारे क्षेत्र को नई पहचान दी है।अब हमारे बच्चे अपने ही इलाके में डॉक्टर बन पाएंगे,शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों में विकास होगा,रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।”
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar medical college news DR. irfan ansari news health minister news