logo

जुबानी जंग : जामताड़ा छोड़कर राजधनवार पर ध्यान लगाएं बाबूलाल मरांडी: इरफान अंसारी

IRFAN.jpg

जामताड़ा: 

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जामताड़ा में विद्युत विभाग के कार्यालय के समक्ष बिजली संकट को लेकर धरना प्रदर्शन किया। बाबूलाल मरांडी ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। अब जामताड़ा से कांग्रेस पार्टी के विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने इस पर पलटवार किया है। बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि जिन लोगों से अपनी विधानसभा नहीं संभल रही है वो दूसरे के विधानसभा क्षेत्र में जाकर झूठ की डफली बजाते हैं। ये गलत परंपरा है। 

बाबूलाल मरांडी गरिमा बनाये रखें! 
डॉ. अंसारी ने कहा कि बाबूलाल मरांडी वरिष्ठ नेता हैं। उनको अपनी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो कंपनियां झारखंड के संसाधनों का इस्तेमाल करके केंद्र के इशारे पर दूसरे राज्यों को बिजली देती है। झारखंज की बिजली काट लेती है, बाबूलाल मरांडी उनके खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाते। डॉ. अंसारी ने कहा कि रघुवर दास मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पीछे पड़े हैं और बाबूलाल मरांडी जामताड़ा विधायक के पीछे। इनसे हमारा सेवा कार्य देखा नहीं जाता। 

केंद्रीय उर्जा मंत्री से सवाल क्यों नहीं पूछते
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यदि बाबूलाल मरांडी में हिम्मत है तो वे केंद्रीय उर्जा मंत्री से सवाल पूछें। पूछें कि झारखंड में बिजली की इतनी कटौती क्यों है। उनको ओछी राजनीति छोड़कर जामताड़ा की बजाय राजधनवार पर ध्यान देना चाहिए। डॉ. अंसारी ने कहा कि हमारा कोयला लेकर केंद्र सरकार दूसरे राज्यों को बिजली दे रही है, इस पर बीजेपी मौन क्यों है।