द फॉलोअप डेस्क
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अब रांची में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। नगड़ी अंचल स्थित दलादली में ईशान किशन के नए आशियाने की तैयारी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि उनका नया आवास धौनी के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर बनाया जाएगा।

जी प्लस 10 बहुमंजिला भवन को मिली मंजूरी
जानकारी के अनुसार नगड़ी अंचल के मौजा दलादली स्थित खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की करीब 75 डिसमिल जमीन पर बहुमंजिला भवन का निर्माण होगा। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (आरआरडीए) ने रिंग रोड किनारे स्थित इस जमीन पर जी प्लस 10 तल्ला बिल्डिंग के नक्शे को मंजूरी दे दी है। भवन के दो तल्लों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होंगी, जहां कार्यालय और शो-रूम बनाए जाएंगे। वहीं बाकी आठ तल्लों में आवासीय फ्लैट विकसित किए जाएंगे।

लग्जरी सुविधाओं से लैस होगी सोसाइटी
इस परियोजना में फिलहाल एक ही ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन इसे आधुनिक और लग्जरी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सोसाइटी में प्लेग्राउंड, गेस्ट हाउस समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही अधिक ओपन स्पेस रखने पर जोर दिया गया है, ताकि परिसर आकर्षक और खूबसूरत दिखे।