logo

ठंड पर रांची ने तोड़ दिया जम्मू का रिकॉर्ड, इतना गिरा पारा

कदपीो6.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में ठंड का कहर जारी है। सुबह और शाम के वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। रांची में जम्मू से ज्यादा ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जम्मू में मंगलवार सुबह न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री रहा। वहीं, रांची में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रहा। एक दिन पहले रांची का न्यूनतम पारा 6.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। शिमला में भी 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी तक कोहरे का प्रभाव रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में रहेगा।


मैकलुस्कीगंज में 2 डिग्री रहा तापमान 
मैकलुस्कीगंज में तापमान मंगलवार सुबह दो डिग्री रहा। गॉर्डन गेस्ट हाउस के संचालक बॉबी गॉर्डन ने दो डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया। वहीं अधिकतम 22 डिग्री रहा। मैकलुस्कीगंज के ग्रामीण इलाकों में ओस की बूंदें बर्फ बनकर जमने लगी हैं। वहीं पेट्रोल पंप पर खड़ी कार पर बर्फ जम गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार की सुबह खेत में हरी घास पूरी तरह सफेद हो गई।  खलिहान में पुआल सफेद चादर की तरह दिखाई दिया। 


धूप से हल्की राहत मिल रही 
पलामू प्रमंडल और आसपास के जिलों में ठंड ज्यादा पड़ रही है। केवल राजधानी में पिछले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेसि तक गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि 17 और 18 जनवरी को झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान थोड़ा चढ़ सकता है। अधिकतम तापमान में कमी होने से ठंड का एहसास ज्यादा होगा। राजधानी और आसपास के कुछ जिलों में दोपहर में धूप से लोगों को राहत मिल रही है. यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया. कांके का न्यूनतम तापमान सोमवार को तीन डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया।