logo

JMM व कांग्रेस के गलत तथ्यों को उजागर करना BJP मीडिया सेल की जिम्मेवारी: बाबूलाल मरांडी  

BABULAL11.jpeg

रांची 

झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश मीडिया कार्यशाला में कहा कि JMM व कांग्रेस के गलत तथ्यों को उजागर करना BJP मीडिया सेल की जिम्मेवारी है। बता दें कि आज रांची में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें मरांडी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मीडिया का रोल महत्वपूर्ण है। मीडिया विभाग अपने अस्त्र सस्त्र के साथ तैयार रहे। मीडिया के साथियों को तथ्यपरक बातों से हेमंत सरकार की नाकामियों को उजागर करना है। कहा कि मोदी सरकार के सफल कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना मीडिया सेल का कार्य है। कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त हेमंत सरकार भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कैबिनेट में फ़ैसले ले रही है। ऐसी निकम्मी सरकार का पर्दाफ़ाश करने के लिए मीडिया के साथियों को कमर कस लेना है। 

पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएं 
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्टी के वैचारिक योगदान के साथ आगे बढ़ना है। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। पार्टी लाइन को ध्यान में रखकर अपनी बात रखनी है। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद ज़फ़र इस्लाम ने कहा कि मीडिया विभाग पार्टी की एंबेसडर की तरह है। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार की प्लांटेड स्टोरी पर मज़बूती से पक्ष रखना होगा। इसके पूर्व बैठक की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तस्वीर पर माल्यार्पण और द्वीप प्रज्वलित कर की गयी। 

मौके पर इनकी रही भागीदारी 
कार्यशाला में शिवपूजन पाठक ने विषय प्रवेश कराया। बैठक चार सत्रों में हुई। इस दौरान मंच पर प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, प्रतुलनाथ शाहदेव, सरोज सिंह, अविनेश कुमार, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रेम मित्तल, रमेश पुष्कर, राजीव तिवारी, अशोक बड़ाईक और तारिक इमरान उपस्थित थे। वहीं, कार्यशाला का संचालन प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन रंजीत चन्द्रवंशी ने दिया। मौके पर गंगोत्री कुजूर, एससी मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री जितु चरण राम, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती कुजूर, कमाल ख़ान, शोभा यादव, सभी मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं सह प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश पैनलिस्ट, ज़िला मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी उपस्थित थे।