द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के डाढ़ा से छारदा जाने वाले सड़क पर स्थित पुल भारी बारिश के कारण टूट गया। पुल टूट जाने के कारण उस सड़क से गुजरने वाले कई गांवों का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। हालांकि, पुल पहले से ही टूट चुका था, जिसके कारण कोई भी चार पहिया वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। लेकिन लोग पैदल या साइकिल से पुल पार कर रहे थे। अब भारी बारिश के कारण पुल बुरी तरह से टूट गया है, जिससे अब पैदल आवागमन भी संभव नहीं रहा है।
स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द नया पुल बनवाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, यह पुल काफी लंबे समय के इंतजार के बाद बना था, लेकिन बनने के कुछ ही दिन बाद इसका एक हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद गाड़ी का आवागमन बंद हो गया था। लोग पैदल ही पुल पार कर रहे थे, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण आज सुबह इसका एक हिस्सा पूरी तरह धंस गया, जिससे गांवों का संपर्क टूट गया और लोगों की परेशानियां बढ़ गईं। मामले की जानकारी मिलने के बाद, जिला की डीसी प्रेरणा दीक्षित ने पदाधिकारियों को जांच करने का निर्देश दिया है और इलाके में लोगों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की अपील की है।
