logo

जमशेदपुर: खरकई नदी में तैरता मिला 16 वर्षीय किशोर, पानी से बाहर निकालने के बाद तोड़ा दम

WhatsApp_Image_2026-05-30_at_11_44_27_AM.png

जमशेदपुर
बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा घाट के पास शनिवार सुबह खरकई नदी से एक अज्ञात किशोर का शव बरामद किया गया है। नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष आंकी जा रही है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
नदी में नहाने गए लोगों की पड़ी नजर
मिली जानकारी के मुताबिक,  शनिवार सुबह रोज़ की तरह कुछ स्थानीय लोग बड़ौदा घाट पर खरकई नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में तैर रहे एक किशोर पर पड़ी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और तुरंत नदी में उतरकर किशोर को पानी से बाहर निकाला।बाहर निकालने पर चल रही थीं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब किशोर को नदी से बाहर लाकर किनारे पर लिटाया गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं। वहां मौजूद लोगों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे प्राथमिक उपचार देने और उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ ही देर में किशोर ने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक किशोर की पहचान करने और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
 

Tags - Jamshedpur Bagbera Kharkai River Police Investigation Breaking News