द फॉलोअप डेस्क
गैस सिलेंडर की किल्लत और जमाखोरी की मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में एलपीजी गैस एजेंसियों और गोदामों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों की टीम ने शहरी क्षेत्र के मानगो, डिमना, टेल्को और सिदगोड़ा इलाके में स्थित गैस एजेंसियों के दुकानों और गोदामों की जांच की। इस दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था, भंडारण, बुकिंग और डिलीवरी सिस्टम के साथ-साथ सुरक्षा मानकों, लाइसेंस और अन्य जरूरी प्रावधानों का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सिदगोड़ा क्षेत्र में एक गैस चूल्हा मरम्मत की दुकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने का मामला सामने आया। इस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की जमाखोरी या कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एजेंसियों और गोदामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
