जमशेदपुर
करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज इसकी जानकारी दी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भी कहा कि झारखंड में तेजी से बिगड़ती विधि व्यवस्था के विरोध में हमने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। परिजनों से मिलकर बातचीत की। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की ओर से आज शाम बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक निषेधाज्ञा लागू होने के कारण स्थगित कर दी गई।
परिजनों ने क्या मांग की?
दरअसल, मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों ने अपने रुख को और सख्त करते हुए साफ कहा है कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। परिजनों की मांग है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए, हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी सहमति के बिना जबरन पोस्टमार्टम कराया गया, जिसका उन्होंने कड़ा विरोध किया। उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया है और उनका कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे शव स्वीकार नहीं करेंगे।