जमशेदपुर
जमशेदपुर के जेम्को आजाद बस्ती में रहने वाला तीन वर्षीय कार्तिक कुमार किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। परिवार अब तक उसके इलाज पर करीब 4 लाख रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इलाज अधूरा रह गया था। कार्तिक की इस स्थिति को देखते हुए कांग्रेस पार्टी की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने सोमवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की अपील की।
ब्यूटी मंडल ने अपने ट्वीट में लिखा — “जेम्को आजाद बस्ती के 3 वर्षीय कार्तिक कुमार किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत उसके इलाज में सहायता की जाए।”

ट्वीट पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (PRD) की ओर से जारी बयान में कहा गया — “उपायुक्त महोदय द्वारा वर्णित मामले का संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन को परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक चिकित्सीय सहयोग हेतु निर्देशित किया गया है।”
इसके साथ ही प्रशासन ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत कार्तिक के इलाज का पूरा खर्च उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बच्चे के परिवार से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज मंगाए हैं ताकि जल्द से जल्द इलाज शुरू कराया जा सके। बता दें कि PRD (सूचना एवं जनसंपर्क विभाग) सरकार और जनता के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम है और ऐसे मामलों में सरकार तक नागरिकों की आवाज पहुंचाने में सेतु का काम करता है।
.jpg)
कांग्रेस नेता ब्यूटी मंडल ने सरकार की त्वरित कार्रवाई पर धन्यवाद देते हुए कहा कि “कार्तिक जैसे कई बच्चे हैं जिनके परिवार महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा पाते। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना ऐसी परिस्थितियों में जीवनदान साबित होती है।”
