logo

जमशेदपुर : महिला के फ्लैट में नाबालिग के घुसने पर बवाल, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप; जांच में जुटी पुलिस

महिला के फ्लैट में नाबालिग के घुसने पर बवाल, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप; जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संजय पथ के एक अपार्टमेंट में उस वक्त विवाद की स्थिति बन गयी, जब एक नाबालिग किशोर के रात में कथित तौर पर एक महिला के फ्लैट में पहुंचने का मामला सामने आया। दरअसल, अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट में रहने वाली एक महिला पर नाबालिग किशोरों को बहला-फुसलाकर कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर नाबालिग के परिजनों और अपार्टमेंट के लोगों में नाराजगी हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।  

परिजनों को हुआ शक, दीवार फांदकर फ्लैट में पहुंचा किशोर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपार्टमेंट में रहने वाला एक नाबालिग रात में परिवार को यह बताकर घर से निकला था कि उसका दोस्त किसी परेशानी में हैं। परिजनों को उसकी बात पर संदेह होने पर उन्होंने किशोर का पीछा किया और उसे दीवार फांदकर महिला के फ्लैट में जाते देखा। इसके बाद किशोर की मां ने कथित तौर पर फ्लैट के बाहर ताला लगा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद महिला ने मौके देखकर ताला तोड़ दिया और नाबालिग को फ्लैट से बाहर निकालकर अपने साथ कहीं ले गयी।

पहले भी महिला के व्यवहार को लेकर हुआ था विवाद
घटना की जानकारी मिलने के बाद अपार्टमेंट के लोगों में गुरुवार सुबह महिला के प्रति नाराजगी बढ़ गयी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त महिला पिछले कई महीनों से फ्लैट में रह रही थी और उसके यहां संदिग्ध और आपत्तिजनक गतिविधियां चल रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के व्यवहार को लेकर पहले भी अपार्टमेंट में विवाद की स्थिति बनी थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद महिला से फ्लैट खाली कराया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद फ्लैट मालिक ने उसे दोबारा वहां रहने की अनुमति दे दी। जिसके बाद से महिला दोबारा फ्लैट में रहने लगी।

फ्लैट के बाहर जुटे लोग, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद अपार्टमेंट के लोग महिला के फ्लैट के बाहर पहुंच गये और हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने के साथ ही नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

महिला पर लगे आरोपों की पुलिस ने नहीं की पुष्टि
हालांकि, महिला पर लगाये गये आरोपों और मामले में उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Tags - Jamshedpur News Mango News Ulidih Police Minor Safety Jharkhand Crime