द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने कड़ा कदम उठाया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें थाने से छोड़ दिए जाने के मामले में उलीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर को निलंबित कर दिया गया है। मामला बीते 10 दिसंबर की रात का बताया जा रहा है, जब पुलिस ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के आरोप में चार युवकों को हिरासत में लिया था। लेकिन इनमें से तीन आरोपियों को बिना किसी विधिसम्मत कार्रवाई के उसी रात थाने से छोड़ दिया गया। इसके ठीक अगले दिन एक अन्य आरोपी को भी इसी तरह छोड़ दिए जाने का मामला सामने आया।
इस पूरे प्रकरण की जानकारी जैसे ही एसएसपी को मिली, उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए। मामले की जांच सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को सौंपी गई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों को छोड़ने का मुद्दा क्राइम मीटिंग में भी उठा था, जहां थाना प्रभारी इस पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके थे। दूसरी ओर जांच रिपोर्ट सामने आते ही एसएसपी ने इसे गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए उलीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर को निलंबित कर दिया। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में लापरवाही पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
