जामताड़ा
जिले में गहराते बिजली संकट और पेयजल की भारी किल्लत के खिलाफ मंगलवार को भाजपा जिला कमेटी द्वारा समाहरणालय के समीप एक दिवसीय आक्रोश धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

सरकार की विफलताओं पर प्रहार
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल द्वारा किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद विधायक राज सिन्हा और भाजपा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। सभा को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा की वर्तमान सरकार जनता से किए गए अपने वादों को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज राज्य की जनता बिजली और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कई जिलों में बुनियादी ढांचे का बुरा हाल है और लोग स्वच्छ पानी तक को तरस रहे हैं।इस धरना प्रदर्शन में जिले भर से भारी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली-पानी की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन से प्रशासन और सरकार पर बढ़ा दबाव
इस मौके पर पूर्व कृषि मंत्री बाटुल झा पूर्व जिलाध्यक्ष सुकू मुनी हेंब्रम,भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह भैया, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, वरिष्ठ नेता संतान मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, सुनील कुमार हांसदा अंजनी तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा के इस प्रदर्शन ने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन मूलभूत समस्याओं पर क्या ठोस कदम उठाता है