जामताड़ा
जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, करमाटांड़ का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया. डीसी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चियों की सुरक्षा व शिक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को सप्ताह में कम से कम एक दिन विद्यालय का औचक निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को कई आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने छात्राओं को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. इसके अलावा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय के विभिन्न प्रभागों का निरीक्षण किया. उन्होंने क्लास रूम, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, मेस, किचन, स्टोर रूम और शौचालयों की स्थिति की जांच की. साथ ही छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति पंजी भी देखी. सामान्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता बताई. निरीक्षण के दौरान डीसी ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं. छात्राओं ने पानी की समस्या और खेल मैदान की कमी समेत अन्य परेशानियों की जानकारी दी, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, विद्यालय की वार्डन और अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
