logo

जामताड़ा में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, नशे का जखीरा मिला

सगलग1.jpg

दीपक झा/ जामताड़ा
जामताड़ा में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के केंदबोना गांव में संचालित एक मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा किया गया। यह फैक्ट्री शराब माफिया मनोज मंडल के ठिकाने पर चल रही थी, जहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने जब मनोज मंडल के भाई उमेश मंडल के घर पर छापेमारी की तो वहां अवैध शराब निर्माण का पूरा नेटवर्क सामने आ गया। तलाशी के दौरान 45 लीटर स्प्रिट, 36 बोतल तैयार विदेशी शराब, 70 बोरा खाली बोतलें, नकली लेबल, ढक्कन और शराब बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके पर ही कई सामग्रियों को नष्ट भी कर दिया गया।


मामला दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज मंडल और उसके भाई उमेश मंडल के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विभाग की टीम अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को जल्द ही उजागर किया जाएगा।


अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई का ऐलान

उत्पाद अधीक्षक कुंदन कुमार कौशल ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह रोक लग सके। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

 

Tags - Jamtara news liquor factory raid excise department crime news illegal alcohol Jharkhand crime police action