logo

जामताड़ा में ज्वेलर्स दुकान से एक लाख के गहने चोरी, ग्राहक बनकर आए उचक्के CCTV में कैद

jam00121.jpg

जामताड़ा
शहर के व्यस्ततम इलाके पापुलर नर्सिंग होम रोड स्थित 'रिद्धि ज्वेलर्स' में बुधवार शाम उचक्कों ने दुस्साहस दिखाते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। ठगी और चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक दीनदयाल अग्रवाल के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे दो व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और सोने के आभूषण दिखाने को कहा। दोनों ने सोने के दो लॉकेट पसंद किए और 2,000 एडवांस जमा करा दिए। उन्होंने दुकानदार को झांसा दिया कि उनकी पत्नी पास के ही एक ब्यूटी पार्लर में है और वे उसे साथ लेकर तुरंत सामान की डिलीवरी लेने लौट रहे हैं।

सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही पुलिस 

उनके जाने के काफी देर बाद भी जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो दुकानदार को संदेह हुआ। जब उन्होंने सोने के मंगलसूत्र और लॉकेट के डिब्बों की गिनती की, तो उसमें से दो सोने के  लॉकेट गायब मिले। इसके बाद जब दुकान का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। देखने में आया कि नजर बचाकर आरोपी गहने पार कर चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके। व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में हड़कंप व्याप्त है।

Tags - Jamtara Jewellery Theft Riddhi Jewellers CCTV Footage Gold Jewellery Theft Jamtara Police