logo

जामताड़ा में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

jam_dc_camp.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जामताड़ा में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिले के एसजीएसवाई सभागार में 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी रवि आनंद ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना होगी। इसमें डेटा संग्रहण मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। सभी प्रगणकों को विशेष एप का उपयोग कर सूचनाएं दर्ज करनी होंगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी। जनगणना के प्रथम चरण में पूरे जिले में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। यह चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रस्तावित है।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं और नीतियों की आधारशिला होते हैं, इसलिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई जिसमें सही और प्रमाणिक डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, डेटा को समय पर सिस्टम में सिंक करने के तरीके और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करना  कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, अंचल अधिकारी और नगर निकाय के पदाधिकारी सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनगणना 2027 को लेकर जामताड़ा प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डिजिटल माध्यम से होने वाली यह जनगणना न केवल आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक और विश्वसनीय डेटा भी उपलब्ध कराएगी।

Tags - jamtara news census 2027 india digital census ravi anand ias jharkhand administration census training program