दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चापुड़िया उच्च विद्यालय के समीप एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर स्कूल की चारदीवारी से जा टकराया। घटना के समय विद्यालय में 300 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे और कक्षाओं में पढ़ाई चल रही थी। अचानक हुए जोरदार हादसे से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं के बीच भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी ट्रक तेज गति से जामताड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चापुड़िया उच्च विद्यालय के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विद्यालय की चारदीवारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक कक्षाओं तक नहीं पहुंचा, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई और सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।

चालक घायल, ग्रामीणों ने पहुंचाई मदद
हादसे में मिनी ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को वाहन के केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने उठाई मांग
सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। क्रेन की मदद से वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूल के पास गति सीमा तय करने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।