जामताड़ा
नाला थाना क्षेत्र के कालीपाथर गांव में आज दोपहर लापता 25 वर्षीय युवक फनी भूषण सोरेन का शव गांव के पास के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था, वहीं पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर तफ्तीश कर रही है। 
पुरी घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार फनी भूषण सोरेन मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने गांव के समीप झाड़ी में करांच के पेड़ से युवक का शव फंदे के सहारे लटका देखा। इसके बाद दलाबड़ मुखिया प्रतिनिधि गुपिन सोरेन ने मामले की सूचना नाला थाना को दी। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने मानसिक संतुलन बिगड़ने की जताई आशंका
परिजनों ने बताया कि मृतक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था और वह अक्सर ग्लानि की स्थिति में रहता था। इधर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।