logo

जामताड़ा : पबिया पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत, 5 परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल

पबिया पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत, 5 परीक्षार्थी गंभीर रूप से घायल

जामताड़ा:
नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक छात्र का पैर बुरी तरह चकनाचूर हो गया और दोनों गाड़ियों के हेलमेट तक टूट गए। 

परीक्षा देकर लौट रहे थे और देने जा रहे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल (JH 10 AS 4159) पर सवार गोंदलीपहाड़ी गांव निवासी सिद्धेश्वर सोरेन, प्रेम सोरेन और गोपी राय इग्नू की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक (JH 10 Y 9520) पर नावाडीह गांव निवासी अजय मंडल और प्रकाश मंडल जामताड़ा कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे थे। पबिया पेट्रोल पंप के पास दोनों तेज रफ्तार बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई।

108 एंबुलेंस न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने दूसरी गाड़ी से भेजा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत घायलों की मदद करते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। हालांकि, लगभग 20 मिनट तक एंबुलेंस के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई। उन्होंने रास्ते से गुजर रही एक अन्य एंबुलेंस को रुकवाकर सभी पांचों घायलों को उसमें सवार कराया और इलाज के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भिजवाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
 

Tags - Jamtara News Bike Accident Five Students Injured Narayanpur News Jharkhand Road Accident