द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलाडीह गांव के पास गुरुवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक साहिल अंसारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और छोटा भाई जीवन-मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के बागजोरी निवासी सलमा खातून अपने दो बेटों, साहिल और 3 वर्षीय बिलाल के साथ श्यामपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान दुलाडीह के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। दुर्गापुर के विवेकानंद अस्पताल में इलाज के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
साहिल की मौत ने पूरे बागजोरी गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि साहिल अपने घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। तीन साल पहले एक हादसे में उसके पिता आबाद अंसारी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी साहिल के कंधों पर थी। अब उसकी मौत से परिवार के सामने जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
.jpeg)
मुआवजे की मांग और ग्रामीणों का आक्रोश
शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने साहिल के शव के साथ जामताड़ा थाने पहुंचे ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। दुलाडीह रोड पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में ग्रामीण और पुलिस के वरीय अधिकारियों के बीच वार्ता जारी है। प्रशासन के लिए चुनौती यह है कि वे न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखें, बल्कि उस बेसहारा परिवार को न्याय भी दिलाएं जिसने अपना सब कुछ खो दिया है।
.jpg)