logo

जनशताब्दी एक्सप्रेस में 3 बैग से मिले 1.40 करोड़ रुपये, युवक गिरफ्तार

जनशताब्दी एक्सप्रेस में 3 बैग से मिले 1.40 करोड़ रुपये, युवक गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक युवक के पास से खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर 1.40 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। टाटानगर से हावड़ा जा रहे युवक के पास तीन बैग में भारतीय करेंसी के बंडल मिले। इतनी बड़ी रकम लेकर यात्रा करने के मामले में खड़गपुर जीआरपी ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी आयकर विभाग समेत संबंधित एजेंसियों को भी दी गई है। जानकारी के अनुसार, खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जीआरपी की टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर तरुण किशोर जेना और उनकी टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान हावड़ा के जीटी रोड स्थित मकान नंबर 120 निवासी 36 वर्षीय राहुल सोनी के रूप में हुई है।

तीन बैगों में मिले नकदी के बंडल, नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज

तलाशी के दौरान राहुल के पास मौजूद दो हैंडबैग और एक अन्य बैग से भारतीय करेंसी के बंडल बरामद हुए। नकदी की गिनती करने पर कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये निकली। पूछताछ में उसने बताया कि वह टाटानगर रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर हावड़ा जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी रकम अपने साथ ले जाने के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।

आयकर विभाग समेत अन्य एजेंसियां कर रहीं जांच

जीआरपी ने पूरी नकदी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई है। जांच में नकदी के वास्तविक मालिक, उसके स्रोत और इस्तेमाल के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है। साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि रकम का संबंध हवाला कारोबार या किसी अन्य अवैध वित्तीय लेनदेन से तो नहीं है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि करोड़ों रुपये टाटानगर कैसे पहुंचे और उन्हें हावड़ा क्यों ले जाया जा रहा था।

Tags - Cash Seizure Railway Crime Kharagpur Tatanagar West Bengal