logo

ED के समन का सामना कर रहे नेताओं को जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने दी ये सलाह 

PRASHANT_(2)7.jpeg

बेगूसराय

ED के समन का सामना कर रहे नेताओं को जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने सलाह दी है। कहा है, जिन नेताओं को ED का समन मिला है या जिनके यहां ED की रेड पड़ी है, वे जनता को बतायें कि सच्चाई क्या है। ED की रेड गलत है या सही, उनको सार्जनिक मंच से इस बात की जानकारी देनी चाहिये। ऐसा नहीं होने पर जनता गुमराह होती है। जनता को गुमराह और दिग्भ्रमित होने से बचाने का काम नेताओं का है। वे इस जिम्मेदारी से नहीं भाग सकते। बता दें कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में एक बार फिर ED ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है। साथ ही आज ही झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को ED ने पत्र जारी कर आठवां समन जारी किया है।

ED की रेड राष्ट्रीय परिघटना 

प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन नेताओं पर, दलों पर ED का, सीबीआई का या अन्य सरकारी संस्थाओं की रेड पड़ी है, तो सामान्य तौर पर ये राष्ट्रीय परिघटना होती है। जो सत्ता में होते हैं इसे सही बताते हैं और जो विपक्ष में होते हैं वो इसे गलत बताते हैं। मेरी अपनी समझ ये है कि जिनपर रेड पड़ रही है, ये उनकी जिम्मेवारी है कि वे बताएं कि ये सही है या गलत है। सामान्य जनता के नजरिए से दिक्कत इस बात से नहीं है कि अरविंद केजरीवाल पर रेड पड़ी, ममता बनर्जी की पार्टी पर रेड पड़ी या लालू पर रेड पड़ी। गलती की है और अगर रेड पड़ रही है तो ठीक ही है। जनता को इस बात से चिंता होती है कि वही व्यक्ति जब सत्ताधारी दल के साथ जुड़ जाता है, तो उसपर रेड होना बंद हो जाता है। जिसने भी गलती की है उसपर रेड पड़ने के साथ कार्रवाई भी होनी चाहिए। 


 

चारा घोटाल पर बोले प्रशांत किशोर 
बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर में प्रशांत किशोर ने कहा कि आरजेडी पार्टी की बात करें, तो लालू पर रेड होना कोई नई बात नहीं है। 25 वर्ष पहले चारा घोटाला हुआ। हर तरह की सरकार केंद्र और बिहार में रही। हर स्तर पर न्यायालय ने जांच कर, प्रक्रिया पूरी कर फैसला सुनाया। तो आप ये नहीं कह सकते कि कोई प्रमाण नहीं है, कोई गलती नहीं हुई है। अगर आरजेडी के लोगों ने गलती की है और उनपर रेड हो रही है तो बीजेपी के लोग भी अगर गलती कर रहे हैं तो उन्हें छूट नहीं मिलनी चाहिए।