logo

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध विरोध का ऐलान, 25 को हड़ताल और 28 से अनिश्चितकालीन आंदोलन

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध विरोध का ऐलान, 25 को हड़ताल और 28 से अनिश्चितकालीन आंदोलन

द फॉलोअप डेस्क

108 एम्बुलेंस सेवा और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश एवं सभी जिलों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, धुर्वा, रांची में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की। संघ ने कहा कि MD, NHM कार्यालय ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को जिला स्तर पर 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर निर्देश जारी किए हैं, बावजूद इसके कई जिलों में अब तक जिला स्तर से एम्बुलेंस सेवा का संचालन शुरू नहीं किया गया है। संघ ने पूर्व में सरकार से वर्तमान 108 एम्बुलेंस सेवा की टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह निरस्त करने, जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से सेवा संचालन शुरू करने, कंपनी द्वारा सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा बहाल करने और कर्मचारियों को वैधानिक श्रमिक अधिकार देने की मांग की थी। संघ ने 8 सितंबर 2026 तक जिला स्तर पर एम्बुलेंस संचालन शुरू करने का आग्रह किया था। निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।

10 से 12 सितंबर तक सरकार को भेजेंगे पत्र

आंदोलन के पहले चरण में 10 से 12 सितंबर तक सभी जिलों से राज्य सरकार को पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद 14 से 19 सितंबर तक सभी कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। 19 सितंबर को सभी जिलों में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 21 सितंबर को सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालय में भिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 23 सितंबर को सिविल सर्जन और उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को राज्यभर में एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल की जाएगी और NHM कार्यालय, नामकुम के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 28 सितंबर से राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल और 108 एम्बुलेंस सेवा बाधित करने का आंदोलन शुरू किया जाएगा।

आपातकालीन सेवा बाधित नहीं करना चाहते कर्मचारी

संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी कभी भी 108 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा को बाधित कर हड़ताल नहीं करना चाहते हैं। संघ के अनुसार सरकार और संबंधित अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया और समाधान का आश्वासन भी मिला, लेकिन आश्वासनों को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया। इसी कारण संघ आंदोलन का निर्णय लेने के लिए बाध्य हुआ है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने सरकार से मांग की है कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने से पहले जिला स्तर पर 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन तत्काल शुरू किया जाए, टेंडर प्रक्रिया निरस्त की जाए और सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को पुनः बहाल किया जाए।

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रभारी एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री रमाशंकर प्रसाद के अलावा मुकेश कुमार, अजय कुमार दांगी, रविकांत देव, मृत्युंजय कुमार, कुणाल बनर्जी, सुखलाल उरांव, मदन कुमार, आशीष कुमार, चंदन कुमार, ललन चौधरी, राजू ठाकुर, राजेश कुमार, राम कुमार, नेहाल कुमार, ओम विजय, निशा प्रभा, आनंद कुमार, निर्भय राणा, सुरेंद्र लहरी, रविंद्र शर्मा, सुखबीर उरांव, पंकज कुमार, मनोज साहू, कृष्ण कुमार यादव सहित सभी जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

Tags - 108 Ambulance Jharkhand Employee Protest NHM Ambulance Service