logo

BJP विधायक पुष्पा देवी पर छतरपुर में हमला, अज्ञात लोगों ने गाड़ी में बरसाये पत्थर; 2 बॉडीगार्ड जख्मी

a425.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, छतरपुर:

झारखंड के छतरपुर से भारतीय जनता पार्टी की विधायक पुष्पा देवी के काफिले में हमला हुआ। छतरपुर के नौडीहा में उदयगगढ़ मोड़ पर अज्ञात लोगों ने विधायक पुष्पा देवी के काफिले में शामिल गाड़ियों को निशाना बनाया। काफिले में पत्थरबाजी से 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। घटना के समय विधायक पुष्पा देवी के साथ पूर्व सांसद मनोज कुमार भी मौजूद थे। हमले में विधायक पुष्पा देवी के 2 अंगरक्षकों को चोट लगने की खबर है। 

नौडीहा बाजार के पास हुआ हमला
घटना को लेकर विधायक पुष्पा देवी ने बताया कि वे किसी कार्यक्रम में शामिल होने छतरपुर गई थीं। रास्ता जाम था तो वो नौडीहा बाजार चली गईं। इस बीच एसपी ऑफिस से बातचीत करने के बाद पता चला कि जाम खत्म हो गया है। इसके बाद पुष्पा देवी काफिले के साथ नौडीहा बाजार से लौट रही थीं कि तभी उदयगढ़ मोड़ पर उनके काफिले में तकरीबन 20 की संख्या में अज्ञात हमलावरों ने हमला किया। विधायक ने बताया कि पत्थरबाजी से काफिले में शामिल 3 गाड़ियों के शीशे टूट गए। 

पुष्पा देवी के 2 अंगरक्षकों को चोट लगी
विधायक पुष्पा देवी ने बताया कि हमले में उनके 2 अंगरक्षकों को चोट लगी है। इनमें से एक बॉडीगार्ड के हाथ में चोट लगी जबकि दूसरे अंगरक्षक के गर्दन में चोट लगी है। विधायक पुष्पा देवी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को भी चोट आई है। पुष्पा देवी ने बताया कि गनीमत है कि उन्हें और उनके पति मनोज कुमार को चोट नहीं लगी। विधायक पुष्पा देवी ने छतरपुर थाना में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।