logo

रांची : झारखंड चैंबर के पदाधिकारियों ने किया लातेहार-डालटनगंज का दौरा

1036.jpg

रांची :

राज्य के व्यापारियों की समस्याओं को जानकर कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्राथमिकताओं के तहत रविवार को झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैक टू बैक बैठकों का आयोजन किया गया। अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल डालटनगंज दौरे पर रवाना हुआ। इस दौरान लातेहार में ठहरकर लातेहार चैंबर का गठन कराया। इस दौरान स्थानीय परिषदन भवन में लातेहार चैंबर के सदस्यों के साथ बैठक हुई। सर्वसम्मति से सुशील कुमार अग्रवाल को अध्यक्ष व रामनाथ अग्रवाल को लातेहार चैंबर का सचिव बनाया गया। झारखंड चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने व्यापार जगत की हर समस्याओं पर लातेहार चैम्बर को सहयोग के लिए आश्वस्त किया और संगठन विस्तार के लिए सदस्यों को प्रेरित किया।

खासमहल की समस्या से व्यापार पर असर
झारखंड चैंबर की अगली बैठक डालटनगंज में पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ आयोजित की गई। राज्य सरकार द्वारा भवनों को नियमित करने के लिए योजना का प्रारूप तैयार किए जाने के लिए सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ इस कार्य में विशेष योगदान के लिए राज्यसभा सांसद महुआ मांझी और झारखंड चैंबर के प्रति आभार जताया। पलामू जिले में खासमहल की समस्या से व्यापार के विकास में हो रही कठिनाइयों से अवगत कराते हुए जिले के व्यापारियों ने इस मामले में चैंबर से हस्तक्षेप का अनुरोध किया। जिसपर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने विभागीय उच्चाधिकारीयों से वार्ता के लिए आश्वस्त किया। चैंबर महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन ने व्यापारियों से दौरान जिले की व्यापारिक जटिलताओं से झारखंड चैंबर को अवगत कराने के लिए प्रेरित किया और कहा कि राजधानी रांची से बाहर के जिलों के व्यापारियों की समस्याओं का निदान और उनका विकास हमारी प्राथमिकताओं में है। इसी अनुरूप झारखंड चैंबर द्वारा राजधानी रांची के साथ ही अन्य जिलों पर भी हर एक नियमित अंतराल पर फोकस किया जा रहा है।

उत्साह का माहौल बना
चैंबर की प्रवक्ता ज्योति कुमारी ने कहा कि झारखंड चैंबर के इस दौरे से पलामू और लातेहार जिले के व्यापारियों में उत्साह का माहौल बना है। व्यापारियों की ओर से प्राप्त सभी समस्याओं पर झारखंड चैंबर द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में झारखंड चैंबर के उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव शैलेश अग्रवाल, प्रवक्ता ज्योति कुमारी ओर आरएमसी उप समिति के चेयरमैन अमित किशोर शामिल थे। इस दौरान पलामू चैम्बर के अध्यक्ष आनंद शंकर, पलामू की महापौर अरुणा शंकर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार, सदस्य आकर्ष आनंद, निलेश चंद्र, रंजीत मिश्रा और राजदेव उपाध्याय आदि उपस्थित थे।