logo

झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-वज्रपात की भी चेतावनी

झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-वज्रपात की भी चेतावनी

रांची: 
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। राजधानी रांची के अलावा खूंटी, सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। देर रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। राजधानी में इस मानसून सीजन में बारिश ने 1000 मिमी का आंकड़ा पार कर लिया है। मौसम केंद्र रांची के 11 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक रांची में कुल 1043 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 910.1 मिमी है। इस तरह राजधानी में सामान्य से 132.9 मिमी यानी करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। 

रांची में सामान्य से 15% अधिक बारिश
झारखंड के 24 जिलों में रांची उन जिलों में शामिल है, जहां इस मानसून सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार को भी राजधानी में सुबह 8:30 बजे से झमाझम बारिश हुई और कुल 6.2 मिमी पानी रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

सितंबर में 66% बारिश का कोटा पूरा
सितंबर में भी रांची में बारिश सामान्य आंकड़े के काफी करीब पहुंच चुकी है। पूरे सितंबर महीने में राजधानी में सामान्य बारिश 212 मिमी मानी जाती है। वहीं, 11 सितंबर तक करीब 141 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यानी महीने के सामान्य बारिश के आंकड़े का लगभग 66 प्रतिशत हिस्सा महज 11 दिनों में ही पूरा हो गया है। अब सितंबर का सामान्य कोटा पूरा करने के लिए करीब 71 मिमी बारिश की जरूरत है। 17 सितंबर तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए सितंबर का सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से झारखंड में पहुंच रही नमी
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम मध्य हिस्से और दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून टर्फ के प्रभाव से झारखंड में लगातार पर्याप्त नमी पहुंच रही है। इसी वजह से रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर मुड़ने के कारण 12 सितंबर की दोपहर के बाद मौसम में सुधार शुरू हो सकता है। 13 सितंबर से राज्य में मौसम के काफी हद तक साफ होने की संभावना है।

जलाशयों में बढ़ा पानी, गर्मी में राहत की उम्मीद
लगातार हो रही बारिश का असर रांची समेत राज्य के प्रमुख जलाशयों पर भी दिखाई दे रहा है। राजधानी के गोंदा डैम का जलस्तर 27 फीट तक पहुंच गया है, जबकि इसकी कुल क्षमता 28 फीट है। वहीं, गेतलसूद डैम का जलस्तर भी 32 फीट तक पहुंच चुका है। जलाशयों में पर्याप्त पानी होने से अगले साल गर्मी के मौसम में राजधानी में पेयजल संकट की आशंका कम मानी जा रही है। हालांकि, गर्मी में पानी की उपलब्धता मौसम और जलाशयों में जलस्तर पर निर्भर करेगी।

20 सितंबर तक बारिश के आसार, अक्टूबर में लौट सकता है मानसून
पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन कमजोर होने के बाद कुछ दिनों तक राज्य में बारिश से राहत मिल सकती है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री या उससे अधिक की बढ़ोतरी संभव है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, वातावरण में नमी बनी रहने के कारण कुछ दिनों बाद बंगाल की खाड़ी में फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने पर झारखंड के कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, झारखंड से मानसून की वापसी 10 से 12 अक्टूबर के बीच होने का अनुमान है। ऐसे में दशहरा और दुर्गापूजा के दौरान बारिश से व्यवधान की आशंका फिलहाल कम बताई जा रही है।

अलनीनो का असर, सर्दी सामान्य से कम रहने का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अलनीनो का प्रभाव नवंबर-दिसंबर तक बने रहने की संभावना है। इसके कारण इस बार सर्दी बहुत ज्यादा पड़ने की संभावना कम है, जबकि इसके बाद गर्मी अधिक पड़ सकती है। देशभर में अब तक सामान्य से करीब 15 से 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि झारखंड में बारिश की कमी करीब 3 प्रतिशत बताई गई है। हालांकि, राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि कुछ इलाकों में बारिश अपेक्षाकृत कम रही है।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Rain Monsoon 2026 Rain Alert Ranchi Weather