logo

झारखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, 15 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, 15 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी है। बंगाल की खाड़ी में गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के बाद राज्य में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 10 और 11 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 10 सितंबर को रांची समेत 11 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इनमें रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।


11 सितंबर को इन चार जिलों में भारी बारिश की संभावना
11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अभिषेक आनंद ने बताया कि दोनों दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इधर, बुधवार को संताल परगना और कोल्हान के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। रांची जिले के कांके में 21 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची शहर में एक मिमी बारिश हुई।

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव, दो दिन भारी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हुए बांग्लादेश में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन 7.6 किमी तक फैल रहा है। इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हुए क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस कारण एक-दो दिन झारखंड के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। 11 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। 

Tags - Jharkhand Weather Heavy Rain Yellow Alert Lightning Ranchi