द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी। मानसून संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्र के रास्ते राज्य में प्रवेश किया, जिसके बाद दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम और गिरिडीह के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं शनिवार को राजधानी रांची और रामगढ़ समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। पिछले पांच वर्षों में यह पहली बार है जब मानसून अपने सामान्य समय पर झारखंड पहुंचा है। राज्य में मानसून के प्रवेश का सामान्य समय 10 से 12 जून माना जाता है, जबकि पिछले वर्षों में यह 5 से 9 दिनों की देरी से पहुंचा था।

अगले चार दिनों में पूरे राज्य को कवर करेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, सामान्यतः मानसून को पूरे झारखंड में फैलने में 3 से 7 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार अगले तीन से चार दिनों के भीतर पूरे राज्य को कवर करने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिसके कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने और तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अल नीनो का प्रभाव इस बार भी देखने को मिल सकता है, जिससे जून माह में सामान्य 189.5 मिमी से कम वर्षा होने की आशंका है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते जुलाई और अगस्त में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।

कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। 14 जून से 18 जून तक रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान गर्जन और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तापमान में आई गिरावट, गर्मी से मिली राहत
मानसून के प्रवेश के साथ ही राज्य के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। सिमडेगा में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 31.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रांची का तापमान 4.1 डिग्री गिरकर 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं डालटनगंज 39.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

पिछले वर्षों में मानसून और बारिश का रिकॉर्ड
झारखंड में मानसून के दौरान सामान्य रूप से 1022 मिमी बारिश होती है। वर्ष 2025 में राज्य में 1118 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जो सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक थी। वहीं 2024 में 1008.9 मिमी बारिश हुई थी, जो सामान्य श्रेणी में रही। वर्ष 2023 में मानसून 19 जून को पहुंचा था और केवल 751.3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से लगभग 27 प्रतिशत कम थी। 2022 में मानसून 18 जून को आया था और उस वर्ष 817.6 मिमी वर्षा हुई थी।