द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को पत्र लिखकर बॉडीगार्ड्स से संबंधित विस्तृत जानकारी 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मुख्यालय ने पत्र में कहा है कि राज्य के विशिष्ट, अति विशिष्ट और अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए बॉडीगार्ड्स की पूरी विवरणी आवश्यक है। पत्र के अनुसार, सभी जिलों को यह जानकारी देनी होगी कि किस व्यक्ति को कितने बॉडीगार्ड उपलब्ध कराए गए हैं, बॉडीगार्ड किस तारीख से तैनात हैं, उनके पास कितने और किस प्रकार के हथियार हैं, और बॉडीगार्ड उपलब्ध करवाने की अनुशंसा किसने की थी। इस पूरी सूची में व्यक्ति विशेष के नाम सहित विवरण देना अनिवार्य है। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि हाल के दिनों में बॉडीगार्ड्स को लेकर कई तरह के विवाद सामने आए हैं। वहीं, कुछ मामलों में सुरक्षा ऑडिट भी जरूरी हो गया है। इस समीक्षा के बाद संभव है कि कुछ व्यक्तियों की सुरक्षा बढ़ाई जाए, जबकि कुछ के बॉडीगार्ड हटाए जा सकते हैं। एसएसपी/एसपी को निर्देश दिया गया है कि सभी आवश्यक विवरणी पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं।
