logo

मुलाकात : दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मिला ये निर्देश

rajeshthakur.jpg

रांची: 

बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। राजेश ठाकुर ने राहुल गांधी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने अध्यक्ष बनने के बाद अपने 4 माह के कार्यकाल की विस्तृत जानकारी भी राहुल गांधी को दी।

यहां प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राहुल गांधी को आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बढ़ती महंगाई के विरोध में आयोजित जनजागरण यात्रा की भी जानकारी दी। इस दौरान राज्य में चलाए जा रहे विशेष सदस्यता अभियान की गति के बारे में भी बताया। 

राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष को दिया निर्देश
मिली जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। सारी बातें सुनने के बाद निर्देश दिया कि प्रदेश में सांगठनिक गतिविधियों के साथ-साथ राज्य की जनता के साथ किए वायदों को राज्य सरकार द्वारा पूरा करवाने की दिशा में तेजी से काम करें। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा निर्णयों का जमकर विरोध करने का निर्देश भी दिया। सदस्यता अभियान को और गति देने की सलाह भी राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को दी। कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाये।

मुलाकात के दौरान ये कांग्रेसी नेता भी थे मौजूद 
इस मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटि के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नव-नियुक्त प्रभारी अविनाश पांडेय तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के प्रभारी डॉ. अजय कुमार उपस्थित थे।