द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आंधी, बारिश और वज्रपात का असर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को वज्रपात और खराब मौसम की चपेट में आने से राज्य में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं कई इलाकों में पेड़ गिरने और मकान क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पलामू, लातेहार और गढ़वा में सबसे ज्यादा असर
जानकारी के अनुसार पलामू के नवाबाजार में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए। लातेहार जिले के मनिका और बालूमाथ में भी बिजली गिरने की घटनाओं में लोगों की मौत और झुलसने की खबर है। गढ़वा शहर में वज्रपात से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि चार लोग झुलस गए। गढ़वा के विशुनपुर गांव में जर्जर मकान गिरने से मलबे में दबकर 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

रांची और अन्य जिलों में भी हादसे
रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। लोहरदगा और हजारीबाग में भी मौसम संबंधी हादसों में लोगों की जान गई और कई लोग घायल हुए हैं। जमशेदपुर में शाम के समय तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने की सूचना है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

तापमान में गिरावट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
लगातार आंधी और बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची का तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश से लेकर बांग्लादेश तक बने निम्न दबाव के प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है और आने वाले दिनों में भी आंधी, बारिश और वज्रपात का सिलसिला जारी रह सकता है।