logo

झारखंड के विकास ने U-17 सब जूनियर एशियन कुश्ती में जीता कांस्य, राज्य के पहले इंटरनेशनल मेडलिस्ट बने

vikash_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के विकास कच्छप ने इतिहास रच दिया है। विकास ने U-17 सब जूनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारत को कांस्य पदक दिलाया है। विकास ने कोरिया के पहलवान को 8-0 से मात देकर पदक अपने नाम किया। बता दें कि U-17 अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में यह कारनामा करने वाले विकास झारखंड के पहले पहलवान हैं। विकास ने अपनी इस कामयाबी से देश के साथ झारखंड का नाम भी रौशन कर दिया है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। 


जेएसएसपीएस के प्रशिक्षु हैं विकास
बता दें कि इस प्रतियोगिता का आयोजन 21 जून से 30 जून 2024 तक जॉर्डन के अम्मान में किया जा रहा है। इसमें 22 जून को भारतीय कुश्ती टीम की झोली में विकास ने कांस्य पदक डाला। उसने कोरिया के पहलवान को 8-0 से हराया। गौरतलब है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित भारतीय कुश्ती टीम के ट्रायल में झारखंड के विकास कच्छप ने 48 केजी भार वर्ग में प्रथम स्थान पर रह कर भारतीय कुश्ती टीम में अपनी जगह बनाई। विकास कच्छप सीसीएल और झारखंड सरकार के संयुक्‍त तत्‍वावधान में खेल गांव में चल रहे जेएसएसपीएस के प्रशिक्षु हैं।


विकास की मां अब भी करती हैं झाड़ू-पोछा
अंडर 18 सब जूनियन एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता विकास कच्छप की मां अब भी रांची के मोरहाबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में झाड़़ू-पोछा का काम करती हैं। विकास के कोच बबलू कुमार ने बताया कि हॉकी स्टेडियम के कई वर्षों से झाड़ू पोछा करने वाली सुखमनी तिर्की के चार बच्चे हैं। स्टेडियम में झाड़ू-पोछा करने वाली सुखमनी काम करने के दौरान एक दिन अपने अपने पुत्र विकास को लेकर स्टेडियम पहुंची, जहां खेल पदाघिकारी भोला सिंह की नजर उस पर पड़ी। बाद में भोला सिंह के प्रयास से ही विकास को बेहतर प्रशिक्षण मिल पाया और उसका चयन जेएसएसपीस में हो गया। जेएसएसपीएस में चयन होने के बाद उसके रहने, खाने-पीने और प्रशिक्षण की सारी जिम्मेदारी सरकार ने उठाई। विकास ने कुछ ही महीनों की मेहनत में कई प्रतियोगिता में पदक हासिल किया।
 

Tags - JharkhandJharkhand newsU-17 Sub Junior Asian Wrestling Championshipamman jordanIndian wrestling teamvikash kumar