द फॉलोअप डेस्क
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और लगातार छाये मॉनसूनी बादलों के कारण झारखंड के कई इलाकों में मंगलवार को भारी बारिश हुई। रांची में मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 56 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे में मॉनसूनी बादल झारखंड और बिहार के ऊपर से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए कमजोर पड़ने लगेंगे। इसके असर से गुरुवार से राज्य के कई इलाकों में धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। मंगलवार को हुई लगातार बारिश से शहरों और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगह जलजमाव की स्थिति बनी, जबकि नदियों और डैमों का जलस्तर भी बढ़ गया।

आज छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजधानी रांची में बुधवार को आकाश में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, लेकिन इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन झारखंड के ऊपर फैल गया है। इसके अलावा मानसून ट्रफ लाइन फिरोजपुर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी और डेहरी होते हुए झारखंड में स्थित डिप्रेशन के केंद्र से गुजरकर दीघा और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश से झारखंड तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव के कारण राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है।

रांची में सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक बारिश
एक जून से 19 अगस्त 2026 तक रांची में सामान्य से एक प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गयी है। इस अवधि में रांची में सामान्य बारिश 707.7 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 713.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। लगातार बारिश के कारण रांची समेत कोल्हान और मध्य झारखंड के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून के प्रवेश के करीब दो माह बाद पहली बार मंगलवार को राज्य के छह जिलों में अब तक की सामान्य बारिश का कोटा पूरा हुआ है। रांची और दुमका में अब तक सामान्य से एक प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में सामान्य से 10 प्रतिशत, सिमडेगा में 7 प्रतिशत और चाईबासा में 49 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गयी है।

राज्य में अभी भी 12 प्रतिशत बारिश की कमी
झारखंड में एक जून से 19 अगस्त 2026 तक सामान्य तौर पर 689.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 606.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। इस तरह राज्य में बारिश की कमी अब 12 प्रतिशत रह गयी है। इससे पहले बारिश की कमी 18 प्रतिशत तक पहुंच गयी थी, लेकिन पिछले 24 घंटे में हुई अच्छी बारिश के बाद यह कमी घटकर 12 प्रतिशत रह गयी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बारिश की स्थिति और साफ होने के बाद राज्य में मानसूनी गतिविधियों का असर कम होने की उम्मीद है।