logo

झारखंड के 20 जिलों में अगले 2 दिन तक आंधी–बारिश और वज्रपात का अलर्ट

RAIN23.jpg

द फॉलोअप डेस्क

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड समेत देश के 16 राज्यों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बिहार में 25 से 29 जून तक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि झारखंड में भी शनिवार और रविवार को मौसम के बिगड़े रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने झारखंड के लगभग 20 जिलों में तेज आंधी, गरज के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी जारी की है। गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

तापमान में आएगी गिरावट, लोगों को मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक रांची का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, जमशेदपुर का 37 डिग्री, मेदिनीनगर का 40.2 डिग्री, बोकारो का 39.1 डिग्री और चाईबासा का 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य राज्यों में भी मौसम रहेगा सक्रिय

झारखंड के अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत देश के कई अन्य राज्यों में भी अगले दो से तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 

Tags - Jharkhand Weather IMD Heavy Rain Thunderstorm Monsoon