द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने रांची सहित करीब 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है। वहीं 16 और 17 मार्च को भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने बताया कि 13 और 14 मार्च तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 15 से 17 मार्च के बीच राज्य में फिर से बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि 15 मार्च को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर अन्य जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा।

इधर गुरुवार को बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और वज्रपात के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 18.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद के पुटकी में हुई। वहीं राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।