द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में 16 मई यानी शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाने के साथ गरज और बारिश के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। 16 मई को कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं 17 मई को धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़ और रांची समेत उत्तर-पूर्वी और मध्य जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

18 से 21 मई तक कैसा रहेगा मौसम
18 और 19 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 मई को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इन दिनों कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि तेज हवाएं भी चलने की आशंका है। हालांकि गढ़वा और पलामू जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है।

रांची में तापमान और राहत के संकेत
रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। 19 मई तक आंशिक बादल छाने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो 16 मई को अधिकतम 34 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 17 मई को तापमान 36/25, 18 मई को 37/25 और 19 मई को 38/23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है।