logo

झारखंड में 23 मई तक आंधी–बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें आपके जिले का हाल

RAIN4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। सुबह तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर बाद कई जिलों में आंधी, तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 18 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम में रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम में बदलाव साफ महसूस किया गया। रविवार को दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डालटनगंज में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह की तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा, लेकिन शाम होते-होते कई इलाकों में मौसम सुहाना हो गया।


कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी। 20 मई को रांची समेत हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं 19 और 20 मई को संताल परगना और मध्य क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।


क्लाइमेट चेंज का दिख रहा असर
इस साल झारखंड में क्लाइमेट चेंज का स्पष्ट असर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मार्च से अब तक राज्य में मौसम का असामान्य पैटर्न देखने को मिला है। मई जैसे गर्म महीने में भी पांच जिलों को छोड़कर 19 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके कारण तापमान सामान्य से कम बना हुआ है और भीषण गर्मी का असर कम महसूस हो रहा है।


कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

राज्य के बोकारो, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, रांची और सिमडेगा सहित छह जिलों में सामान्य से 100 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं चतरा, गढ़वा, लोहरदगा, पाकुड़ और साहिबगंज में सामान्य से कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार झारखंड में अब तक औसतन 73 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। मौसम केंद्र का अनुमान है कि मई के अंतिम सप्ताह तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Ranchi Alert