logo

झारखंड में आज गरज-चमक के साथ बारिश, इन जिलों के लिए अलर्ट; 50 की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं  

RAIN261.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। आज (शुक्रवार) भी राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं, 12 और 13 जुलाई को रांची, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।


राजधानी समेत कई जिलों में जारी है बारिश का दौर
राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को रांची में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में गोड्डा में सबसे अधिक 44.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक रांची के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश
1 जून से 9 जुलाई तक रांची में 251.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य वर्षापात 284 मिमी है। इसके आधार पर राजधानी में बारिश की स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि, रांची को छोड़ अधिकांश जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा हुई है। चतरा में अब तक केवल 55 मिमी, गढ़वा में 49.8 मिमी और गोड्डा में 83.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इन जिलों के सामान्य वर्षापात से काफी कम है।

Tags - Jharkhand Weather Ranchi Monsoon Rain Alert IMD