logo

झारखंड में थैलेसीमिया पर गंभीर पहल होगी: “लहू बोलेगा” संगठन के मिलन समारोह में बोले प्रदीप यादव

LAHU0000.jpg

रांची
झारखंड में थैलेसीमिया, सिकल सेल और अप्लास्टिक एनीमिया के मरीजों की समस्याओं को लेकर अब ठोस कदम उठाए जाएंगे। यह बात कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कही। वे झारखंड थैलेसीमिया पीड़ित एसोसिएशन (ए यूनिट ऑफ “लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन, रांची) द्वारा झारखंड विधानसभा सभागार में आयोजित दीपावली मिलन और परिचर्चा कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस आयोजन में झारखंड के लगभग सभी जिलों से थैलेसीमिया और सिकल सेल पीड़ितों, उनके परिजनों तथा विभिन्न रक्तदान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में पीड़ित परिवारों की ओर से 14 सूत्री मांग पत्र और रक्तदान संगठनों की ओर से 19 सूत्री मांग पत्र प्रदीप यादव को सौंपा गया।


थैलेसीमिया पीड़ितों की मांगों और समाचारों से सजे सभागार में एसोसिएशन के संस्थापक नदीम खान ने अध्यक्षता की, जबकि संचालन हर्षवर्धन ने किया। कार्यक्रम में थैलेसीमिया पीड़ित छात्र-छात्राओं ने अपनी बातें रखीं और मांग पत्र पढ़ा।
कार्यक्रम के दौरान रांची और गुमला के 30 पीड़ित परिजनों को भारतीय रेलवे का वन टाइम पास सिविल सर्जन की ओर से प्रदान किया गया। दीपावली के मौके पर सभी प्रतिभागियों को मिठाई और उपहार भी वितरित किए गए।
नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल के हेमेटोलॉजिस्ट विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव खारिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए थैलेसीमिया पीड़ितों को परामर्श दिया और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।


अपने संबोधन में प्रदीप यादव ने कहा, “थैलेसीमिया झारखंड का गंभीर मुद्दा है। राज्य सरकार इस पर गंभीरतापूर्वक पहल करेगी। जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ पीड़ितों का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। जनजागरूकता के माध्यम से थैलेसीमिया, सिकल सेल और अप्लास्टिक एनीमिया को राज्य से खत्म करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।” कार्यक्रम में कैलाश यादव (आरजेडी), इंजीनियर राजू, रवि कुमार (अपोलो नई दिल्ली), शाहबाज़ (शोनित फाउंडेशन), सपन महतो (कोल्हान रक्तदान संगठन), शमीम बरिहार, पुष्कर महतो, एम. ज़ेड. खान, और विभिन्न जिलों के रक्तवीर व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News