logo

रांची : होमगार्ड अभ्यर्थियों के समर्थन में JLKM ने किया DC कार्यालय का घेराव, क्या कहा उपायुक्त ने 

DMAHTO161.jpg

रांची
होमगार्ड अभ्यर्थियों के समर्थन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने आज DC कार्यालय का घेराव किया। पार्टी ने रांची जिला होमगार्ड अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में हो रहे विलंब के विरोध में ये आंदोलन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर अपनी नाराजगी जाहिर की। मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने पदयात्रा एवं धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से ही मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थियों का जुटान शुरू हो गया था। बापू वाटिका में महात्मा गांधी जी को माल्यार्पण करने के बाद पदयात्रा प्रारंभ हुई। यह पदयात्रा मोरहाबादी मैदान से रेडियम रोड एवं कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय भवन तक पहुंची। अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने हेतु प्रशासन द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।

चार घंटे तक मुख्य द्वार का घेराव किया
उपायुक्त कार्यालय के समक्ष पहुंचकर अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर लगभग चार घंटे तक मुख्य द्वार का घेराव किया। इस दौरान लगातार नारेबाजी एवं धरना-प्रदर्शन जारी रहा। शासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन अभ्यर्थी उपायुक्त से सीधे वार्ता की मांग पर अड़े रहे।
अंततः देर शाम देवेंद्र नाथ महतो व पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से सीधी वार्ता हुई। वार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि फिजिकल परीक्षा के मास्टर चार्ट में छेड़छाड़ संबंधी लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसकी जांच जारी है। इसके अतिरिक्त शहरी टेक्निकल पद के कुछ अभ्यर्थियों के स्थानीय प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायतों पर विशेष जांच टीम गठित कर जांच कराई जा रही है।
उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि सभी जांच प्रक्रियाओं को जून माह के अंत तक पूर्ण कर पारदर्शी तरीके से रिजल्ट प्रकाशित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया।

ये है पूरा मामला 

गौरतलब है कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रांची द्वारा नियुक्ति विज्ञापन संख्या- 01/2025 के तहत कुल 1614 गृह रक्षकों (होमगार्ड) की नियुक्ति हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके लिए अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जिला चयन समिति द्वारा 13 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थी। हालांकि परीक्षा समाप्त हुए पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक परिणाम प्रकाशित नहीं किया गया है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में परीक्षा के साथ ही मास्टर चार्ट जारी कर दिया गया था। रांची जिला में अब तक परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। इसी मांग को लेकर आज अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया तथा उपायुक्त के साथ सकारात्मक वार्ता हुई। उपायुक्त से वार्ता के दौरान पांच सदस्यीय टीम में देवेंद्र नाथ महतो, अरशद अली, छठवर्ती कुमारी, अनिल कुमार, फरजान अंसारी, निरजदेव महतो शामिल रहे।


 

Tags - Nalanda Murder Petty Dispute Tension bihar