द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का 51वां स्थापना दिवस (51st Foundation Day) समारोह शनिवार यानी आज धनबाद में मनाया जाएगा। धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए 20 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा पंडाल बनाया गया है। पूरे शहर को पार्टी के झंडे व बैनर से पटा दिया गया है। वहीं कार्यक्रम को लेकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हवाई मार्ग से दोपहर 1:30 में धनबाद पहुंचेंगे। उनके आने को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

2 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
झामुमो नेता अमितेश सहाय ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे कार्यक्रम की समाप्ति हो जाएगी। जिसके बाद दिशोम गुरु शिबू सोरेन,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हवाई मार्ग से रांची के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम में कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धनबाद डीसी संदीप सिंह और एसएसपी संजीव कुमार ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। गोल्फ ग्राउंड को धनबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके अंदर आने जाने वाले सभी लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है।