logo

रांची : ED के खिलाफ कल JMM का महाजुटान, सभी जिले से शामिल होंगे कार्यकर्ता

JMM.jpg

रांचीः 
सीएम हेमंत सोरेन को ईडी ने समन किया है। इस समन के बाद झामुमो के नेताओं में आक्रोश है। इसे लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा कल महाजुटान करने वाला है। यह महाजुटान ईडी के समन के खिलाफ किया जाएगा। रांची के मोरहाबादी मैदान में पूरे राज्य से झामुमो के कार्यकर्ता व नेता जुटने वाले हैं। सभी नेता व कार्यकर्ता इस महाजुटान को लेकर तैयारी में जुट गये हैं। हालांकि पार्टी की तरफ से इसकी कोई आधिकारीक पुष्टि नहीं की गई है। 


आज बैठक भी होनी है
झामुमो के कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिल रहा है। नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। इसी को लेकर कल जेएमएम के नेता मोरहाबादी मैदान में जुटेंगे। इस जुटान में तमाम जेएमएम के विधायक व सांसद आएंगे इसकी पूरी संभावना है। जेएमएम अपनी ओर से शक्ति प्रदर्शन करेगा। ऐसी भी संभावना है कि सीएम खुद भी इस महाजुटान में शामिल हों। इस महाजुटान में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। आज शाम यूपीए विधायक दल की बैठक भी होनी है। यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। कल ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन को ईडी कार्यालय बुलाया है, लेकिन संभावना वह ईडी कार्यालय ना जाकर सीधा कोर्ट का रुख करें। 


 

कल उपस्थित होने को कहा गया 

मालूम हो कि प्रवर्तन निदेशालय (ED)  ने अवैध खनन और मनी लाउंड्रिंग मामले (Illegal Mining and Money Laundering Cases) में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) को समन भेजा है। ईडी ने उन्हें 3 नवंबर (गुरुवार) को 11:30 बजे कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है। जो जानकारी है उसके मुताबिक सीएम के करीबी पंकज मिश्रा के घर से छापेमारी के दौरान सीएम हेमंत सोरेन की बैंक पासबुक और हस्ताक्षर की हुई चेक बुक मिली थी। इसी के सिलसिले में ईडी ने उन्हें समन किया है। 

 

क्या है पूरा मामला
ईडी को सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के साहेबगंज स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान एक लिफाफा मिला था। बताया जाता है कि इसमें मुख्यमंत्री के बैंक खाते से जुड़ा चेकबुक था। 2 चेकबुक में मुख्यमंत्री का साइन मिलने की बात भी कही जा रही है। इसके अलावा प्रेम प्रकाश के हरमू स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान ईडी को उसके घर की आलमारी से 2 एके-47 राइफल और 60 गोलियां मिली थी। बताया जाता है कि ये हथियार जिन 2 कांस्टेबल के थे, वे मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात थे। इसके साथ ही हाल ही में खुलासा हुआ कि न्यायिक हिरासत में रिम्स में इलाज के दौरान पंकज मिश्रा लगातार अधिकारियों के संपर्क में था। सूत्रों के मुताबिक जांच में ईडी को इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि पंकज मिश्रा मुख्यमंत्री का नाम लेकर अधिकारियों को हड़काता था। आपको यह भी मालूम हो कि ईडी की कार्रवाई झारखंड में लगातार जारी है। कुछ दिन पहले ही राज्यपाल रमेश बैस ने बयान दिया था कि झारखंड में एकाध एटम बम फूट सकता है और मंगलवार को सीएम को समन जारी कर दिया गया। सरकार में शामिल कांग्रेस इस बयान के भी मायने निकाल रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री के निजी प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू को भी ईडी समन भेज चुकी है। उनसे लगातार 2 दिन तक पूछताछ भी की गई है। 

 

बड़े अफसरों को भी नोटिस भेज सकती है ईडी
ईडी ने PMLA कोर्ट के सामने 16 सितंबर को चार्जशीट दाखिल की थी। जिसमें ईडी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल का बयान भी दर्ज किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान मुख्यमंत्री से इन सभी मुद्दों से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं। साथ ही ईडी कुछ बड़े अफसरों को भी नोटिस भेज कर पूछताछ के लिए बुला सकता है। पिछले दिनों गिरफ्तार हुए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इन अफसरों के नाम सामने आये थे।