रांची
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ आईआरसीटीसी घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोप तय कर दिए। यह आदेश बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आया है, जिससे राजनीतिक पारा अचानक बढ़ गया है।
इस फैसले पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीखे शब्दों में प्रतिक्रिया दी। भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में नया रोड खुला है — ‘रोउज एवेन्यू रोड’ — और यह चुनाव में महागठबंधन के काफिले को रोकने के लिए बनाया गया है।

भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि एनडीए हर संभव हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा, “2017 में मामला दर्ज हुआ और लालू प्रसाद पर आरोप लगाया गया, लेकिन अब चुनाव के समय इसे फिर से उठाया जा रहा है। जब आचार संहिता लागू होती है, तब किसी व्यक्ति के खिलाफ न्यायालय जाने की अनुमति नहीं होती। यह साफ दर्शाता है कि बड़ी राजनीतिक ताकतों को निशाना बनाया जा रहा है।”
सुप्रियो ने ED और CBI पर भी निशाना साधते हुए कहा, “एनडीए महागठबंधन के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रही, बल्कि ED, CBI और चुनाव आयोग सभी मिलकर नरेटिव सेट करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप लगाना और दोष सिद्ध होना अलग बात है। मैं चुनाव आयोग से आग्रह करता हूं कि इस केस के संबंध में कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया जाए।”

उन्होंने इसे बिहार में चुनावी साजिश करार देते हुए कहा, “जो लोग चुनाव नहीं जीत सकते, वहां इसी तरह की चाल चल रहे हैं। ठीक वैसा ही हाल झारखंड में देखा गया था। इनकी मंशा साफ है।” भट्टाचार्य ने कहा कि चार्जशीट 10 नवंबर से ट्रायल शुरू करेगी, लेकिन यह पूरी प्रक्रिया राजनीतिक नरेटिव सेट करने का प्रयास है।
