logo

सीएम से ED की पूछताछ : रांची में जुटे JMM कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री आवास की ओर किया कूच; भारी पुलिस बल तैनात

रांची में जुटे JMM कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री आवास की ओर किया कूच; भारी पुलिस बल तैनात

रांची 

सियासी गहमा-गहमी के बीच जेएमएम कार्यकर्ताओं का जमावड़ा राजधानी में हो रहा है। जेएमएम कार्यकर्ता राजधानी के चांदनी से मार्च करते हुए सीएम आवास की ओऱ बढ़ रहे हैं। बता दें कि सीएम हेमंत सोरेन से आज ईडी के अधिकारी उनके आवास पर पूछताछ कर रहे हैं। इस बीच सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किये गये हैं। खबर है कि राज्य के 14 जिले से जेएमएम के कार्यकर्ता इसके विरोध में रांची पहुंचे हैं। 

इस मामले में सीएम से हो रही है पूछताछ 

जमीन घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में मुख्यमंत्री से पूछताछ करने के लिए ईडी के अधिकारी सीएम आवास पहुंचे। 4 गाड़ियों में मुख्यमंत्री आवास पहुंचे अधिकारियों का मुख्य द्वार पर पहचान पत्र चेक किया गया, इसके बाद ही अंदर प्रवेश कराया गया। इस दौरान ईडी के साथ आए सीआरपीएफ के जवानों को बाहर ही रोक दिया गया। इस दौरान सीएम हाउस की सुरक्षा में लगे जवान वीडियोग्राफी भी कर रहे थे। बता दें कि 10वें समन के बाद मुख्यमंत्री ने 31 जनवरी को दोपहर 1 बजे पूछताछ के लिए अपनी उपलब्धता बताई थी। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी अपने साथ हेलमेट लेकर पहुंचे हैं। आशंका थी कि यहां समर्थक उग्र हो सकते हैं। दरअसल, पश्चिम बंगाल में ईडी अधिकारियों पर पत्थरबाजी की घटना के बाद विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

राजधानी में सुरक्षा के कड़े उपाय 
मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और ईडी ऑफिस के 100-150 मी. की परिधि में रांची जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगाई गई है। सीएम आवास के बाहर भारी संख्या में रांची पुलिस के जवान मौजूद हैं। इससे पहले 29 जनवरी को ही रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा के आग्रह पर डीजीपी अजय कुमार सिंह ने रांची में 14 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की है। रांची के तमाम संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपायुक्त और एसएसपी खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गौरतलब है कि राज्यपाल ने मंगलवार को राज्य के मुख्य सचिव एल ख्यांगते, अपर मुख्य सचिव और डीजीपी को तलब किया था। राज्यपाल ने पूछा कि मुख्यमंत्री कहां हैं? अधिकारियों द्वारा अनभिज्ञता जाहिर करने पर राज्यपाल ने कहा कि फिर आप लोग किसके निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक्टिव हैं। तब मुख्य सचिव ने कहा कि हम सामान्य समझ के आधार पर विधि-व्यवस्था मजबूत बना रहे हैं। राज्यपाल ने उनसे रिपोर्ट मांगी।