द फॉलोअप डेस्क
गुमला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, पशुपालन, मत्स्य और सहकारिता विभाग की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करना और उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था। बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF), प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएम किसान ई-केवाईसी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जाए और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर योजनाओं के अभिसरण को सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि लाभार्थियों तक योजनाओं का वास्तविक फायदा पहुँच सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के विशेष प्रखंडों में कृषि विस्तार को प्राथमिकता दी जाए और किसानों को तकनीकी सहयोग के साथ योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। बैठक में योजना क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने तथा लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने पर बल दिया गया। बैठक में उद्यान पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, JSLPS प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
